सेंट्रल से नौबस्ता तक इंटीग्रेटेड टेस्टिंग का सीएमआरएस ने किया निरीक्षण
- फाइनल इंटीग्रेटेड टेस्टिंग पर रविवार को बंद रही मेट्रो सेवाएं
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो रेल लाइन के फाइनल निरीक्षण में रविवार को अधिकारी नौबस्ता स्टेशन तक रेल में बैठ कर पहुंचे। परीक्षण के मद्देनजर रविवार को कानपुर मेट्रो सेवाएं पूर्णतः बंद रही। सोमवार से मेट्रो सेवाएं पूर्ववत अपने निर्धारित समयानुसार प्रातः 6 से रात्रि 10 बजे तक संचालित होंगी। हालांकि निरीक्षण में सब कुछ सही पाया गया है। अब आज शाम को हाईस्पीड से मेट्रो ट्रेन को दौड़ाया जाएगा। अगर कोई खामी नहीं मिलती] तो जल्द ही आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो दौड़ने लगेगी। मेट्रो के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि शहर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे में मेट्रो का उद्घाटन कराए जाने की योजना है इस पूरे 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (IIT से नौबस्ता) का सफर करने के लिए यात्रियों को सिर्फ 60 रुपए खर्च करने होंगे। मेट्रो से यह सफर महज 40 मिनट में पूरा हो जाएगा। इस पूरे रूट पर 29 मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी। वर्तमान में आईआईटी से सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर के हिस्से पर 6 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। 974 यात्रियों की क्षमता वाली इन ट्रेनों में 200 सीटें बैठने के लिए हैं। मौजूदा समय में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल के बीच 14 स्टेशनों पर मेट्रो चल रही है। अब सेंट्रल से नौबस्ता के बीच 8 किमी का नया हिस्सा जुड़ने से 7 नए स्टेशन झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर (दोनों भूमिगत) बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता भी इस नेटवर्क का हिस्सा बन जाएंगे। पूरे कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन हो जाएंगे, जिनमें 14 एलिवेटेड और 7 अंडरग्राउंड हैं। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि यह मेट्रो ट्रैक शहर के सबसे व्यस्त इलाकों से होकर गुजरता है, जो प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक केंद्रों और रेलवे व बस स्टेशनों को आपस में जोड़ता है। यूपीएमआरसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर (पब्लिक रिलेशन) पंचानन मिश्रा ने बताया कि, जुलाई में ही मेट्रो हर हाल में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक दौड़ने लगेगी। सीएमआरएस की टीम की जांच के बाद 7 से 8 जुलाई तक फाइनल अप्रूवल मिलने की उम्मीद है। इसके बाद मेट्रो प्रशासन ट्रेन चलाने की स्थिति में आ जाएगा। इसके बाद उद्घाटन का कार्यक्रम तय होते ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।