अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रीज एरिया द्वितीय में रविवार शुभसंकल्प इंटरप्राइजेज नामक अगरबत्ती फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील बुरादे के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया।दमकल के मुताबिक समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई। दमकल अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि सुबह मिनी कंट्रोल रूम को चकेरी स्थित इंडस्ट्रीज एरिया द्वितीय में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल चुकी थी। फैक्ट्री में अगरबत्ती निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील बुरादे के कारण लपटें लगातार बढ़ रही थीं। आग की गंभीरता को देखते हुए नरवल फायर स्टेशन से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया। तीनों दमकल यूनिटों ने संयुक्त रूप से करीब एक घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। फैक्ट्री के मालिक दिनेश गुप्ता ने बताया कि आग से हुए नुकसान का अभी आकलन नहीं किया जा सका है। दमकल अधिकारी राहुल नंदन ने कहा, जांच में यदि फैक्ट्री अग्नि सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित पाई गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
|