वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में किया गया पौधरोपण
मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने दिखाई रैली को हरी झंडी, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l वृक्षारोपण महाअभियान-2026 एवं "वन महोत्सव" के अंतर्गत मंगलवार को जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन उप प्रभागीय वनाधिकारी, हमीरपुर के निर्देशन में किया गया।
इसके उपरांत सिटी फॉरेस्ट, मंझूपुर वन नगर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने स्वयं पौधरोपण कर जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
जागरूकता रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर, सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर तथा श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हमीरपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे, वन विभाग के वन दरोगा, वनरक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।