यू.पी. ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी की 35वीं शासी निकाय बैठक सम्पन्न
*ओडीओपी, हस्तशिल्प और निर्यातकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर, प्रदेशभर में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।मंडलायुक्त शिविर कार्यालय, कानपुर नगर में शुक्रवार को आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, उत्तर प्रदेश तथा यू.पी. ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी (यूपीटीपीए) के अध्यक्ष के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में यू.पी. ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय की शासी निकाय की 35वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, अनुपालन आख्या की समीक्षा तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प तथा निर्यातक इकाइयों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक बाजार एवं पहचान दिलाने के उद्देश्य से वर्षभर आयोजित होने वाले मेलों एवं प्रदर्शनियों में सहभागिता की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष के. विजयेन्द्र पांडियन ने निर्देश दिए कि प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांगजन एवं महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जाए। इसके लिए यू.पी. ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यू.पी. ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी को अब "यू.पी. ट्रेड एंड स्किल प्रमोशन सेंटर" के नाम से जाना जाएगा। इस नए स्वरूप के माध्यम से व्यापार संवर्धन के साथ-साथ कौशल विकास गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सदस्य सचिव उमेश चंद्र, लेखाधिकारी शिशिर चंद्र निगम, जिला सूचना अधिकारी शांतनु कुमार श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम के प्रतिनिधि, यूपिका के अमित पाल सिंह, चार्टर्ड अकाउंटेंट पी.के. मिश्रा सहित शासी निकाय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।