दूसरी शादी कर रहा था पति, गेस्ट हाउस पहुंची पहली पत्नी का जोरदार हंगामा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर इलाके के एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के अफरा-तफरी मच गई। यहां एक महिला अचानक पहुंच गई और अपने पति की दूसरी शादी का दावा करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात श्यामनगर के एक गेस्ट हाउस में धूमधाम से शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान चामगंज निवासी एक महिला को अपने पति (जो जूही लाल कॉलोनी का रहने वाला है) की दूसरी शादी की भनक लगी। महिला तुरंत मौके पर जा पहुंची और शादी की रस्मों के बीच हंगामा खड़ा कर दिया। महिला का आरोप है कि बिना पहली पत्नी को तलाक दिए उसका पति दूसरी शादी रचा रहा था। अचानक हुए इस घटनाक्रम से गेस्ट हाउस में मौजूद मेहमानों और दोनों पक्षों के होश उड़ गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले को थाने ले जाकर आगे की बातचीत शुरू की। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराकर मामले को सुलझाने और विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
|