छः दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक हुआ संपन्न
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के पादप रोग विज्ञान विभाग द्वारा 20-25 जुलाई, 2026 तक छः दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश के 50 प्रशिक्षणार्थियों जिसमें 10 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इन छः दिनों में प्रशिक्षणार्थियों को विश्वविद्यालय के शिक्षकों डा० मुकेश श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, पादप रोग विज्ञान विभाग, डा० विनीता सिंह, प्राध्यापक, खाद्य विज्ञान एवं पोषण, डा० शिवानी चौधरी, डा० सिद्धार्थ सिंह तथा डा० सेंथिलकुमार एस, पादप रोग विज्ञान विभाग, श्रीमती रोशनी, कीट विज्ञान विभाग द्वारा मशरूम का इतिहास, श्वेत बटन मशरूम उत्पादन, ढिंगरी मशरूम उत्पादन की तकनीकी के साथ मशरूम के मूल्यवर्धक उत्पाद, मशरूम व्यंजन, मशरूम की बीमारियाँ एवं प्रबंधन, मशरूम फार्म संरचना तथा मशरूम की खेती के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराया गया। श्री उमेश चन्द्र, जिला उद्यान अधिकारी, डा० धनंजय सिंह, फाउंडर एण्ड डायरेक्टर भारत एग्रीटेक तथा श्री शिवम त्रिपाठी, एम०एस०एम०ई० द्वारा मशरूम के क्षेत्र में चलने वाली सरकारी योजनाएं, सब्सिडी, लोन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण,स्पान उत्पादन एवं मशरूम फार्म संरचना के बारे में जानकारी दी। अन्तिम दिन प्रशिक्षणार्थियों को उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया। सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण मैनुअल भी प्रदान किया गया ताकि भविष्य में उन्हें किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
|