केमिकल कारोबारी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी केमिकल और दवा के होलसेल कारोबारी मनोज कुमार पांडेय (53) ने शुक्रवार को शास्त्री नगर स्थित अपने ऑफिस में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। ऑफिस पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला।खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर देखा गया तो उनका शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। जानकारी के अनुसार, रात में मनोज पांडेय के घर नहीं पहुंचने पर उनके बड़े भाई संतोष पांडेय ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने चालक से बात की, लेकिन उससे भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।आशंका होने पर वह शास्त्री नगर स्थित ऑफिस पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां मनोज का शव फंदे से लटका मिला। बड़े भाई ने बताया कि मनोज पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहे थे, लेकिन उन्होंने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। पत्नी अर्चना पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटे मेधांश और अक्षांश को छोड़ गए हैं। सूचना पर काकादेव पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
|