सावन में गंगा के जलस्तर पर सुरक्षा के लिए जूना अखाड़े के महंतों ने कमिश्नर से मांगी अतिरिक्त फोर्स
- ट्रैफिक, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था का बना प्लान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सावन के पवित्र महीने में बाबा आनंदेश्वर (परमट) मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। जूना अखाड़े के संतों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर मंदिर परिसर, घाटों और पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।गंगा का जलस्तर बढ़ा, घाटों पर सुरक्षा पर विशेष जोरअखाड़े के मुख्य संरक्षक गिरि जी महाराज के आदेश पर मंदिर प्रबंधन तैयारियों में जुटा है। मंदिर के महंत हितेश्वर गिरि महाराज और थानापति अत्रीवन जी महाराज ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि दिन-प्रतिदिन बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की संख्या बढ़ रही है। इसके साथ ही गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में घाट की तरफ जाने वाले रास्तों पर हादसों को रोकने के लिए विशेष पुलिस बल और बैरिकेडिंग की जरूरत है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित जल उठा सकें और दर्शन कर सकें। बैठक के दौरान अखाड़े की ओर से मांग रखी गई कि पूरे सावन महीने में मंदिर परिसर के अंदर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की स्थायी तैनाती रहे। इससे भीड़ को नियंत्रित करने और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में सहूलियत होगी। पुलिस प्रशासन ने अखाड़े को आश्वासन दिया है कि मंदिर की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त मात्रा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और पूरी व्यवस्था को सुचारू रखा जाएगा।वार्ता के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के अलावा यातायात प्रबंधन, पार्किंग और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रबंधन आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम करेंगे, ताकि किसी भी भक्त को कोई परेशानी न हो। जूना अखाड़े के मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार अंश ने बताया कि सावन मेले के दौरान सुरक्षा और सहूलियत प्राथमिकता रहेगी, जिससे हर श्रद्धालु शांति और भक्तिभाव से बाबा आनंदेश्वर महादेव का पूजन कर सके।