उ.प्र. आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई द्वारा 28वीं वाहिनी पीएसी, इटावा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विश्वविद्यालय की विलेज आउटरीच कमेटी द्वारा दिनांक 27 जुलाई 2026 को 28वीं वाहिनी पीएसी, इटावा परिसर में एक व्यापक निःशुल्क बहु-विशेषता स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सुरक्षा बलों के कार्मिकों एवं उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ 28वीं वाहिनी पीएसी, इटावा के कमांडेंट श्री अनिरुद्ध कुमार एवं विलेज आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ. अजय कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कमांडेंट श्री अनिरुद्ध कुमार ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह, विश्वविद्यालय के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से विश्वविद्यालय की अभिनव पहल "पैथोलॉजी ऑन व्हील्स" की प्रशंसा करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचकर निःशुल्क रक्त जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना समाज के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
स्वास्थ्य शिविर के साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें वर्तमान मौसम की अत्यधिक गर्मी एवं हीट वेव से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विलेज आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने उपस्थित लोगों को डेंगू एवं मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, मच्छरजनित रोगों से बचाव तथा आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर में मेडिसिन, जनरल सर्जरी, आर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत रोग, बाल रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन (PMR), ऑप्टोमेट्री तथा स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स के अंतर्गत पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री एवं माइक्रोबायोलॉजी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं पैरामेडिकल कर्मियों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
शिविर के दौरान 200 से अधिक लाभार्थियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स के माध्यम से 150 से अधिक निःशुल्क रक्त जांचें भी संपन्न की गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विलेज आउटरीच कमेटी के सदस्य डॉ. राजमंगल यादव, डॉ. प्रवेश कुमार, डॉ. जगदीश सिंह, डॉ. संजय कुमार कन्नौजिया (प्रभारी, पैथोलॉजी ऑन व्हील्स), वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अंशुल अग्निहोत्री, श्री नवल किशोर, सुश्री गीता कुशवाहा एवं श्री अतुल सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अतिरिक्त शिविर में डॉ. धीरेंद्र कुमार, डॉ. समीर गुप्ता, डॉ. नाज़मुल, डॉ. विपिन, डॉ. सबा, डॉ. तिशा घोष, डॉ. ज़ैनब, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. नसीहा, डॉ. द्वीप, डॉ. मुस्कान, डॉ. मरियम, डॉ. चिन्मय तथा डॉ. सौरभ त्रिपाठी सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कीं।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में डॉ. दीपशिखा (डिप्टी पुलिस अधीक्षक) तथा श्री सुभाष चंद्र का विशेष सहयोग रहा।
उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई द्वारा संचालित इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विश्वविद्यालय की जनसेवा, सामुदायिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हैं।