यूपीयूएमएस, सैफई में अति अत्याधुनिक मैटरनल क्रिटिकल केयर यूनिट का शुभारंभ।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा, 28 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में गंभीर अवस्था में गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने हेतु एडवांस्ड मैटरनल क्रिटिकल केयर यूनिट का उद्घाटन कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना के निरंतर विस्तार के तहत स्थापित यह यूनिट उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं एवं जटिल प्रसूति मामलों के प्रभावी उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यूपीयूएमएस का लक्ष्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना कुमारी ने बताया कि यूनिट आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों एवं प्रशिक्षित विशेषज्ञों से सुसज्जित है, जिससे गंभीर मरीजों की सतत निगरानी एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति , मुख्य चिकित्सा अधीक्षक , चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ संकाय सदस्यों की उपस्थिति रही। उद्घाटन के साथ ही इस अत्याधुनिक यूनिट को मरीजों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया गया।