मंडी तिराहे से भौली मार्ग बना 'स्विमिंग पूल', गहरे गड्ढों से हर दिन हादसे का खतरा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कुरारा,हमीरपुर l कस्बे के मंडी तिराहे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए भौली मार्ग की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से पूरा मार्ग किसी स्विमिंग पूल जैसा दिखाई दे रहा है। इन गड्ढों के कारण राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज और उनके परिजन आते-जाते हैं। एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों को भी जलभराव और गड्ढों के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ रही है।
कस्बावासियों ने जिलाधिकारी हमीरपुर से सड़क का शीघ्र निर्माण कराए जाने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.