कृषि मंत्री द्वारा कृषि महाविद्यालय का औचक निरीक्षण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि महाविद्यालय, जमुनाबाद, लखीमपुर खीरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीज प्रक्षेत्र, विद्यार्थियों के प्रायोगिक केंद्र, छात्रावास तथा महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, छात्रावास के कमरों की साफ-सफाई, शैक्षणिक रुचि तथा प्रयोगशालाओं में प्राप्त होने वाले प्रायोगिक ज्ञान के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के उपरांत मंत्री ने छात्रावासों की रंगाई-पुताई एवं बाथरूम के रखरखाव (मेंटेनेंस) के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को संतोषजनक एवं व्यवस्थित पाया। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय के डॉ. अरुण कुमार, डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय, डॉ. रविन्द्र नाथ वर्मा सहित कृषि विज्ञान केंद्र, जमुनाबाद के समस्त वैज्ञानिक एवं स्टाफ भी मौजूद रहे।
|