योग के संग;युवाओं को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए में "नशा मुक्ति अभियान: योग के संग – स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन यूटिलिटी भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल शिक्षक नवल कुमार झा ने योगाभ्यास का संचालन करते हुए नशा मुक्ति में सहायक विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, बालासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा शवासन जैसे योगासन एवं प्राणायाम नियमित रूप से करने से मानसिक तनाव कम होता है, आत्मविश्वास एवं आत्मनियंत्रण बढ़ता है तथा व्यक्ति नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित होता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया तथा अपने परिवार एवं समाज में भी इस संदेश को प्रसारित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संध्यमित्रा महापात्र के निर्देशन में तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. एकता शर्मा, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन "जागरूक बनें – जागरूक करें, नशा छोड़ें – जीवन जोड़ें" के संदेश के साथ हुआ।
|