एडीजी जोन ने अपराध एवं कानून-व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के संबंध में की समीक्षा गोष्ठी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के समस्त जनपद प्रभारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के संबंध में समीक्षा गोष्ठी की गयी। समीक्षा गोष्ठी में महिला एवं बाल अपराधों की प्रभावी रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सुरक्षा तैयारियों, वर्तमान में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सोशल मीडिया की सतत निगरानी, ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति तथा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गहन समीक्षा की गयी। समीक्षा गोष्ठी के दौरान निर्देशित किया गया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप वांछित, पुरस्कार घोषित एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही तथा गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी करते हुए ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत अधिकाधिक अभियुक्तों को सजा दिलाना सुनिश्चित करे। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्यवाही, पीड़िताओं की संवेदनशीलता के साथ सुनवाई एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा से जुड़े अभियानों की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के दृष्टिगत साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर हेल्पलाइन/पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही तथा आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपायों के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं की सतत निगरानी करते हुए भ्रामक/अफवाहजनक सूचनाओं का तत्काल खंडन एवं तथ्यात्मक जानकारी का प्रभावी प्रसार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जनसुनवाई को पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक स्तर पर शिकायतों की प्रभावी मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए। समीक्षा गोष्ठी में श्री आकाश कुलहरि, पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी एवं श्री यमुना प्रसाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
|