पनकी फिटनेस सेंटर पर चालकों को बांटे गए तिरंगे, 'हर घर तिरंगा' अभियान को दी रफ्तार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को धरातल पर उतारने के लिए कानपुर नगर का संभागीय परिवहन (आरटीओ) विभाग पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है। इसी कड़ी में पनकी स्थित फिटनेस सेंटर पर आरटीओ विभाग के प्राविधिक निरीक्षक (आरआई) संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष झंडा वितरण एवंजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम के दौरान आरआई संतोष कुमार ने फिटनेस सेंटर पहुंचे छोटे व्यावसायिक वाहनों, ऑटो, पिकअप से लेकर भारी ट्रकों और बसों के चालकों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। उन्होंने चालकों के साथ मिलकर उनके वाहनों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा लगवाया और देशभक्ति का संकल्प दिलाया। शासन और प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए आरआई संतोष कुमार ने उपस्थित चालकों को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री और प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार 'हर घर तिरंगा' केवल घरों और सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं है। सड़कें देश के विकास की धमनियां हैं; जब इन पर चलते हर वाहन पर तिरंगा लहराएगा, तो पूरे राष्ट्र में एकता और देशभक्ति का एक अद्भुत संदेश जाएगा।"- वाहन चालकों में दिखा भारी उत्साहविभाग से सम्मानपूर्वक झंडा प्राप्त करने के बाद वाहन चालकों के चेहरों पर गर्व और उत्साह साफ नजर आया। चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए संकल्प लिया कि वे अपनी यात्रा के दौरान तिरंगे के मान और मर्यादा का पूरी तरह ध्यान रखेंगे। आरटीओ विभाग के इस प्रयास से न केवल पनकी क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना, बल्कि दूर-दराज के हाईवे और रूटों पर जाने वाले चालकों के माध्यम से 'हर घर तिरंगा' का संदेश व्यापक स्तर पर फैल रहा है।
|