लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागियों ने कैनवास पर उकेरी देशभक्ति की भावनाएँ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में राष्ट्रभक्ति एवं रचनात्मकता से ओत-प्रोत 'रंग-ए-आज़ादी' लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। भारतीय देशभक्ति की भावना और स्वतंत्रता दिवस की थीम पर आधारित इस विशेष प्रतियोगिता में विवि के 20 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपने कला-कौशल के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्र गौरव, स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति की भावनाओं को रंगों के माध्यम से कैनवास पर जीवंत रूप प्रदान किया।प्रतिभागियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन मिथाईलाल, डॉ. ममता तिवारी, आत्मोदय हॉबी क्लब काउंसिल के समन्वयक प्रो. शुभम शिवा द्वारा निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में किया गया। सचिव मुस्कान सिंह चंदेल एवं संयुक्त सचिव प्रांजल वर्मा, कोर टीम के सदस्यों दिव्या गुप्ता, उन्नति गुप्ता, आरना गुप्ता एवं अंशिता शर्मा ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। रंग-ए-आज़ादी' ने विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और देशभक्ति का विशेष वातावरण निर्मित किया। लाइव पेंटिंग के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उनके भीतर मौजूद राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। विद्यार्थियों की कला प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, सृजनात्मकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और अधिक प्रबल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। 'रंग-ए-आज़ादी' के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने का सशक्त माध्यम भी है।
|