उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया गया
*मुख्यमंत्री ने 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को दी सौगात, कानपुर नगर के करीब 1376 कोटेदार होंगे लाभान्वित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सोमवार को लोक भवन सभागार, लखनऊ में प्रदेश के समस्त संचालित उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर नगर के नगरीय क्षेत्र की विधानसभाओं के लिए मर्चेंट चैम्बर हॉल, सिविल लाइंस तथा ग्रामीण क्षेत्र की विधानसभाओं के लिए चौबेपुर, नर्वल, घाटमपुर एवं कल्याणपुर में कराया गया।
मर्चेंट चैम्बर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद अरुण पाठक, विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के चौबेपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, कानपुर नगर तथा ब्लॉक प्रमुख, चौबेपुर उपस्थित रहे। घाटमपुर में विधायक सरोज कुरील, कल्याणपुर में विधायक नीलिमा कटियार एवं ब्लॉक प्रमुख, कल्याणपुर तथा नर्वल में विधानसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि विनय मिश्रा उपस्थित रहे।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। इससे उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि हुई है। जनपद कानपुर नगर के लगभग 1376 उचित दर विक्रेता इससे सीधे लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेताओं के लिए नई फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से कोटेदार सीधे अपनी प्रतिक्रिया एवं फीडबैक दर्ज करा सकेंगे। इससे वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी तथा घटतौली एवं कालाबाजारी जैसी शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।
बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के चौबेपुर में सजीव प्रसारण के उपरांत जिलाधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब उचित दर विक्रेता अपनी दुकानों से दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली 39 अतिरिक्त वस्तुओं का वितरण भी कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नशीली अथवा मादक पदार्थ की वस्तु दुकान पर रखना या उसका विक्रय करना प्रतिबंधित है। अतिरिक्त वस्तुओं के वितरण से उचित दर विक्रेताओं की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने जहां अन्नपूर्णा भवन बन चुके हैं, उनका बेहतर एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश में की गई वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं की आय में और बढ़ोतरी होगी।
सजीव प्रसारण के उपरांत सभी कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उचित दर विक्रेताओं को संबोधित किया तथा सुदृढ़ एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। मर्चेंट चैम्बर हॉल में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत अपर जिलाधिकारी (ना०आ०), कानपुर नगर राजेश कुमार ने उचित दर विक्रेताओं को वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर जिला पूर्ति अधिकारी, कानपुर नगर अंजनी कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।