अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों पर कसा शिकंजा
-दुकानदारो को अनरजिस्टर्ड वाली मच्छर अगरबत्तियों को न बेचने को दिए कड़े निर्देश हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध और नियमों का पालन न करने वाली मच्छर अगरबत्तियों पर शिकंजा कसा है। राज्य के कृषि विभाग ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में लहरपुर, बिसवां, महोली, सीतापुर और मिश्रिख में छापा मारा। सैंपल लिए गए और दुकानदारों को अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों को न बेचने के कड़े निर्देश दिए गए। होम इंसेक्ट कंट्रोल एसोसिएशन (हिका) ने उत्तर प्रदेश की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। यह एक नॉन-प्रॉफिट औद्योगिक संस्था है, जो भारत में घरेलू कीट नियंत्रण उत्पादों के सुरक्षित व जवाबदेह उपयोग को बढ़ावा देती है। इस संस्था ने इसे अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों की बिक्री रोकने और नागरिकों की सुरक्षा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।ये मच्छर अगरबत्तियाँ भारत सरकार के सेंट्रल इंसेक्टिसाइड्स बोर्ड एंड रजिस्ट्रेशन कमिटी की अनुमति के बिना बनाई जा रही हैं। इन चिंताओं की वजह से जिला कृषि अधिकारी ने पेस्टीसाइड सेलर्स, किराना शॉपकीपर्स और पेस्ट कंट्रोल ऑपरेटर्स को अंतिम चेतावनी जारी करके इन अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों की बिक्री, खरीद और स्टोरेज को तुरंत रोकने का आदेश दिया। यह कार्रवाई इसलिए की गई है क्योंकि इन उत्पादों में मेपरफ्लुथ्रिन का इस्तेमाल होता है, जो एक अनरजिस्टर्ड कीटनाशक है। इस नई कार्रवाई के साथ उत्तर प्रदेश में अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों के खिलाफ चल रहे अभियानों में तेजी आएगी। अधिकारियों द्वारा पिछले छः महीनों में राज्य के कई जिलों, जैसे वाराणसी, बलरामपुर, अमरोहा, फिरोजाबाद, चंदौली, बहराईच, प्रयागराज, मैनपुरी, अलीगढ़ और अयोध्या के कई स्थानों पर छापा मारकर कानूनी कार्रवाई की गई है। इससे कानून का पालन न करने वाली और अनरजिस्टर्ड कीटनाशकों वाली मच्छर अगरबत्तियों के खिलाफ जाँच का बढ़ता दायरा प्रदर्शित होता है। राज्य में हुई कानूनी कार्रवाईयों और रिपोर्ट्स में सामने आया कि ये मच्छर अगरबत्तियाँ कम्फर्ट, स्वीट नाईट, डायनासौर स्लीप वेल, श्री डेंगू किलर आदि नामों से बेची जा रही थीं।इस बारे में जयंत देशपांडे, ऑनरेरी सेक्रेटरी, होम इंसेक्ट कंट्रोल एसोसिएशन (हिका) ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्रवाई में आई तेजी से एक कड़ा संदेश जाता है कि घरों में इस्तेमाल होने वाली मच्छर अगरबत्तियों को नियमों और सुरक्षा मानकों के दायरे में होना जरूरी है। हम सप्लाई चेन में अवैध उत्पादों के खिलाफ कृषि विभाग और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का स्वागत करते हैं। ग्राहकों तक केवल नियमों का पालन करने वाले कीट-नियंत्रण उत्पाद पहुँचे, यह सुनिश्चित करने के लिए ग्राहकों की जागरुकता और लगातार कार्रवाई बहुत जरूरी है।
|