बढ़ती महंगाई और बिजली दरों के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) कानपुर जिला कमेटी के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और बिजली की बढ़ी दरों के खिलाफ कानपुर नगर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर जिला सचिव उमाकांत विश्वकर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि पूंजीवादी नीतियों और बाजार पर ढीले नियंत्रण के कारण कमरतोड़ महंगाई से आम नागरिकों, विशेषकर मध्यम वर्ग, गरीब और दिहाड़ी मजदूरों का जीना मुश्किल हो गया है। दाल, सब्जियां, आटा, मसाले, चीनी और खाद्य तेल के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि ने आम जनता के सामने भुखमरी का संकट पैदा कर दिया है। जिला मंत्री कामरेड उमाकांत ने आगे कहा कि "बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार" का नारा दिया गया था, लेकिन अब सरकार और उनके पैरोकारों को वादों को 'जुमला' कहने में भी शर्म नहीं आती। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता कामरेड सईद नकवी, उमाकांत, मो. वशी, गोविंद नारायण, टेक चंद, जफर आबिद (अधिवक्ता), सुरेंद्र शर्मा, रजिवा नकवी, जुनेद मंसूरी (अधिवक्ता), अमित केसरवानी और अनिल सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
|