डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण, सोर्स रिडक्शन व स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा डेंगू एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 03 सितम्बर 2026 को नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, मलेरिया निरीक्षक मन्जीत यादव तथा जिला स्तरीय टीम द्वारा ग्राम कुरसौली में डेंगू के सामने आए मामले के संबंध में की जा रही केस-बेस्ड एक्टिविटी, सोर्स रिडक्शन एवं स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया गया।
टीम द्वारा पूरे गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से बुखार से संबंधित जानकारी ली गई तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए सोर्स रिडक्शन की गतिविधियों के संबंध में जागरूक किया गया। ग्राम कुरसौली के कम्पोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों को इस मौसम में होने वाले संचारी रोगों, उनके बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, वातावरणीय स्वच्छता, शुद्ध पेयजल के प्रयोग तथा ताजा एवं गर्म भोजन करने के लिए जागरूक किया गया। बच्चों को पूरी बांह की यूनिफॉर्म पहनने की सलाह दी गई तथा बताया गया कि डेंगू का मच्छर मुख्य रूप से दिन में काटता है।
ग्राम कुरसौली में टीम द्वारा केस-बेस्ड एक्टिविटी के अंतर्गत सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण, इंडोर स्प्रे, आवश्यक जांच एवं जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियां की गईं।
*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, स्वास्थ्य शिविर एवं फॉगिंग के निर्देश*
इसी क्रम में ब्लॉक बिधनू के ग्राम मर्दनपुर में बाढ़ प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ. नीरज सचान द्वारा प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने तथा सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां कराए जाने की जानकारी दी गई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आश्रय लिए लोगों को मच्छरों से बचाव तथा सोर्स रिडक्शन की उपयोगिता के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता प्रदान की गई। नगर निगम से समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से सायंकालीन फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
ब्लॉक सरसौल के ग्राम माहौली में डेंगू के मामले के संबंध में साफ-सफाई एवं छिड़काव की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर घर-घर से लोगों को बुलाकर बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। माहौली, सरसौल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 38 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई। इनमें कोई भी मरीज मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाया गया तथा डेंगू की जांच के लिए 05 सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए। इसी प्रकार करसौली, कल्याणपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 16 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई, जिनमें कोई भी मरीज मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाया गया तथा डेंगू की जांच के लिए 05 सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए।
शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे कराया गया। इसके साथ ही क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव एवं व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जनसामान्य से अपील की गई कि मच्छरों के लार्वा पनपने वाले स्थानों पर एकत्रित पानी को तत्काल हटाएं तथा जलभराव वाले स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताए गए आवश्यक उपाय अपनाएं। लोगों को खुली त्वचा पर प्राकृतिक मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की सलाह दी गई। साथ ही वाहक जनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।
जनमानस को संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 पर भी संपर्क किया जा सकता है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।