रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कंपनीबाग चौराहे तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ
*जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी, मानकों से समझौता न करने के दिए निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन ने आज रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कंपनीबाग चौराहे तक लगभग 1,800 मीटर लंबाई में कराए जाने वाले सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाना पाया गया।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी परिस्थिति में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण में प्रयोग की जाने वाली सामग्री की अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उक्त सड़क का निर्माण युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, जल निगम नगरीय एवं मेट्रो के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं, ताकि निर्माण कार्य के दौरान विभागों के बीच समन्वय की कमी से किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।