बंधी का पानी दलित बस्ती में घुसा, तीन मकान ढहे
-ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ ने गांव पहुंचकर कराया जल निकासी का इंतजाम, नुकसान के सर्वे के निर्देश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत मिहुना में लगातार बारिश के चलते बंधी का पानी दलित बस्ती में घुस गया। पानी भरने से तीन दलित परिवारों के मकान ढह गए, जबकि दर्जनों अन्य मकानों पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है। सूचना पर मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी गांव पहुंचे और जेसीबी की मदद से बस्ती में भरे पानी की निकासी का इंतजाम कराया।
करीब एक पखवाड़े से लगातार हो रही बारिश के कारण बंधी का पानी दलित बस्ती में भर गया। जलभराव से रामफल बाल्मीकि, मिट्ठू लाल और साबिर खान के मकान ढह गए। ग्रामीणों के अनुसार पानी लगातार बढ़ने से अन्य मकानों के भी गिरने की आशंका बनी हुई है।
मामले की जानकारी मिलते ही ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव और खंड विकास अधिकारी श्वेता त्रिपाठी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जेसीबी लगवाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई। साथ ही मकानों और अन्य नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
समय से सूचना मिलने के बावजूद कार्रवाई न होने पर ब्लॉक प्रमुख ने पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्टीकरण तलब किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।