बदनपुर स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता खराब, एमडीएम सामग्री भी मानक विहीन
ब्लॉक प्रमुख ने बीडीओ संग किया औचक निरीक्षण, कार्रवाई के लिए डीएम व बीएसए को भेजी रिपोर्ट
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस भरुआ सुमेरपुर। मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख जयनरायन सिंह यादव ने खंड विकास अधिकारी के साथ बदनपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता बेहद खराब मिलने, एमडीएम की सामग्री मानक विहीन पाए जाने और रसोईघर में गंदगी का अंबार मिलने पर ब्लॉक प्रमुख ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानाध्यापक व शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी एवं बेसिक शिक्षाधिकारी को भेजी है।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं से सामान्य प्रश्न पूछे। अधिकांश बच्चे सरल प्रश्नों के भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। विद्यालय में शैक्षिक स्तर खराब मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। एमडीएम की जांच में मसाले समेत अन्य सामग्री मानक के अनुरूप नहीं मिली। रसोईघर में भी भारी गंदगी पाई गई। मौके पर एमडीएम का सैंपल भी उपलब्ध नहीं था।
इसके अलावा विद्यालय में तैनात सहायक शिक्षक यशवंत कुमार लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए। ब्लॉक प्रमुख ने निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षाधिकारी को भेजी गई है। ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ के औचक निरीक्षण से विद्यालय के शिक्षकों में हड़कंप मचा रहा।