2 लाख से 5लाख तक में की जा रही टीन के डिब्बो की नीलामी रोकने के लिए सपा ने डीएम को ज्ञापन सौंपा
लोक निर्माण विभाग की जमीन में सड़क के किनारे रखी जा रही हैं टीन से बनी दुकाने
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इदरीश खान के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी से अध्यक्ष नगर पालिका परिषद के पूर्व प्रत्याशी युगांक मिश्रा सहित अन्य लोगों ने हमीरपुर में गरीब रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के साथ हो रही कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि राजकीय स्टेडियम एवं फायर स्टेशन के निकट वर्षों से फल, सब्जी, नाई, सिलाई, प्रेस सहित छोटे-छोटे कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम पर जबरन उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिन गरीबों की रोजी-रोटी इन्हीं दुकानों से चलती है, उनके पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना उन्हें हटाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग एवं स्टेडियम के सामने की जमीन पर नगर पालिका द्वारा टीन के डिब्बों की नीलामी कराई जा रही है, जबकि उक्त भूमि नगर पालिका की नहीं है। साथ ही बिना वन विभाग की अनुमति के पुराने छायादार पेड़ों के कटान और लकड़ी गायब किए जाने के मामले की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी युगांक मिश्रा ने कहा कि 2 से 5 लाखरूपये तक की बोली लगाकर गरीब रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए दुकान लेना संभव नहीं है। ऐसी व्यवस्था का लाभ गरीबों को नहीं बल्कि पूंजीपतियों और रसूखदार लोगों को मिलेगा। इससे गरीब और छोटे दुकानदारों के हित प्रभावित हो रहे है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि टीन के डिब्बों की चल रही आवंटन/नीलामी प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से निरस्त अथवा स्थगित की जाए, पेड़ों के अवैध कटान की मजिस्ट्रियल जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए तथा स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के तहत वर्षों से कार्यरत रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को उसी स्थान अथवा निकटतम वेंडिंग जोन में न्यूनतम दर पर विधिवत पुनर्वासित किया जाए।
युगांक मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब, मजदूर, छोटे दुकानदार और मेहनतकश लोगों के अधिकारों की लड़ाई हमेशा मजबूती से लड़ती रही है। गरीबों की रोजी-रोटी छीनकर किसी भी कीमत पर विकास का मॉडल स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन गरीबों के साथ न्याय करे, अन्यथा समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।इस मौके पर लाला प्रधान जिलाध्यक्ष मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, राजेश श्रीवास प्रदेश सचिव अधिवक्ता सभा, रामकिशोर श्रीवास पूर्व चेयरमैन, सुधीर निषाद, ब्रजेश प्रजापति जिलाध्यक्ष अधिवक्ता सभा, शुभान कुरैशी सभासद, रवि यादव एडवोकेट, कन्हैया कश्यप सहित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।