मौदहा में पंजीयन जागरूकता कैम्प आयोजित
-व्यापारियों को जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों की दी गई जानकारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। मौदहा में व्यापारियों के मध्य पंजीयन जागरूकता कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में राज्य कर अधिकारी दुर्गा प्रसाद एवं घनश्याम सिंह पटेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को कराधान एवं जीएसटी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अपंजीकृत व्यापारियों को जीएसटी में पंजीयन कराने के लिए प्रोत्साहित करते हुए पंजीयन हेतु आवश्यक प्रपत्रों एवं दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कैम्प में पंजीयन प्रक्रिया, रिटर्न फाइलिंग, ई-इनवायसिंग, ई-मेल एवं मोबाइल नंबर के अपडेशन, ई-वे बिल तथा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत हुए विभिन्न परिवर्तनों के संबंध में व्यापारियों को अवगत कराया गया। साथ ही नियम 14ए के अंतर्गत पंजीयन कराए जाने के दौरान सही एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
व्यापारियों से प्रत्येक आपूर्ति के संबंध में शत-प्रतिशत इनवायस जारी करने तथा जीएसटी से संबंधित नियमों एवं प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर करदाताओं एवं विभाग के मध्य विश्वास को और मजबूत करने तथा नियमों के सरलीकरण के संबंध में भी चर्चा की गई।
कैम्प में व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार गुप्ता, सुशील कुमार गुप्ता, नगर महामंत्री अभिषेक गुप्ता, राम शरण गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल,सोनू,अरविन्द, प्रवीण, अजय, मकसूद, अनिल, इफरान, मिथलेश गुप्ता, धर्मेंद्र, राकेश, सुधीर सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।