फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। कोतवाली नगर पुलिस ने फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ट्रकों को रोककर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपितों—भोला यादव उर्फ सनी, अमन यादव, महेश पाण्डेय और दिनेश सिंह—को गिरफ्तार किया है।
22 सितंबर को पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के किचन का सामान लेकर लखनऊ से चरखारी जा रहे ट्रक को हमीरपुर बाईपास स्थित नए बेतवा पुल के पास बोलेरो सवार लोगों ने रोक लिया था। खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए चालक से 50 हजार रुपये मांगे गए और आरोप है कि उसकी जेब से 11 हजार रुपये भी छीन लिए गए।
जांच में मौके पर किसी अधिकृत जीएसटी अधिकारी की चेकिंग नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक आरोपित फर्जी जीएसटी पहचान पत्रों के जरिए ट्रकों को रोककर कार्रवाई का भय दिखाते थे और अवैध वसूली करते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से फर्जी जीएसटी पहचान पत्र, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में सागर यादव और कृष्णा यादव फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।