उफनाई पांडु नदी में फंसे 240 परिवार निकाले गए - जिला प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और पीएसी ने संभाला मोर्चा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। लगातार हो रही बारिश से पांडु नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास की बस्तियों में पानी पहुंच गया है। आबादी वाले इलाकों में पानी घुसने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया। प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी मोर्चे पर उतर गईं। तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी ने टीमों के साथ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया। तीन अलग-अलग इलाकों में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 240 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वरुण विहार बर्रा में पांडु नदी का पानी बढ़ने से स्थिति बिगड़ने पर 82 बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इन परिवारों को कंपोजिट विद्यालय विश्वबैंक बर्रा में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में ठहराया गया है। ग्राम पिपौरी में अभियान के दौरान 52 परिवारों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। नई बस्ती, मेहरबान सिंह का पुरवा में एचडीएफसी बैंक के पीछे आबादी क्षेत्र में भी पांडु नदी का पानी भर गया। पानी बढ़ने की सूचना पर प्रशासन की टीम 37वीं बटालियन पीएसी के दल के साथ मौके पर पहुंची। यहां आबादी में पानी भरने के कारण लोगों को निकालने के लिए नाव का सहारा लिया गया। पीएसी के जवानों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 15 परिवारों को सकुशल बाहर निकाला गया। सभी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, गोपालपुरम इलाके से लगभग 102 परिवारों को नाव के सहारे सुरक्षित निकाला गया है। लगातार बारिश के कारण पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है। नदी के आसपास की आबादी में पानी पहुंचने के बाद राहत और बचाव टीमों को सक्रिय रखा गया है। राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के भोजन और आश्रय की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से शिविर में रह रहे लोगों की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है।- विनय द्विवेदी, तहसीलदार सदर