मूसलाधार बारिश के चलते मकान गिरने पर तुरंत पहुंचे समाजसेवी बउआ ठाकुर
-त्वरित मुआवजे हेतु मौके पर राजस्व टीम को बुलाया
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते वार्ड संख्या 21 में कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान भरभराकर जमींदोज हो गए। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुमित सिंह गौर उर्फ 'बउआ ठाकुर' बिना किसी विलंब के मौके पर पहुंचे और मलबे व जलभराव के बीच जाकर प्रभावित परिवारों का दर्द साझा किया।
स्थलीय मुआयने के दौरान एक घर में स्थिति अत्यंत हृदयविदारक देखने को मिली, जहां एक निर्धन परिवार ने बेटी के आगामी विवाह के लिए पाई-पाई जोड़कर दहेज और गृहस्थी का सारा सामान जुटाया था। मकान ढहने से विवाह की सारी सामग्री मलबे और बारिश के पानी में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गई। परिवार की बेबसी और नुकसान को देख बउआ ठाकुर भावुक हो उठे और उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए ढांढस बंधाया।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए बउआ ठाकुर ने मौके से ही प्रशासनिक उच्चाधिकारियों से वार्ता कर राजस्व विभाग की टीम को तुरंत घटनास्थल पर बुलवाया। राजस्व टीम के पहुंचते ही उन्होंने खुद अधिकारियों को एक-एक क्षतिग्रस्त घर और नष्ट हुआ सामान दिखाते हुए स्पष्ट कहा कि तत्काल निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार किया जाए।उन्होंने प्रशासन से दो मांग रखी कि राज्य आपदा राहत कोष के तहत सभी प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा राशि दिलाई जाए और प्रधानमंत्री आवास भी दिलाए जाएं l