सड़क सुरक्षा, स्वच्छता एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। महापौर एवं नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में शहर में सड़क क्षतिग्रस्त होने तथा वर्षा के उपरांत विभिन्न मुख्य एवं संपर्क मार्गों पर एकत्रित बजरी के कारण उत्पन्न सड़क सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक समीक्षा बैठक आहूत की गई। महापौर ने वर्षा एवं सड़क मरम्मत कार्यों के उपरांत मार्गों पर पड़ी बजरी के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। ऐसी स्थिति जनहित एवं नगर निगम की कार्यप्रणाली, दोनों की दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है। अतः मुख्य मार्गों से बजरी एवं अन्य अवरोध तत्काल हटाए जाने तथा मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान महापौर ने प्रत्येक जोनल स्वच्छता अधिकारी से पृथक-पृथक जानकारी प्राप्त की गई कि उनके क्षेत्र में किन-किन स्थलों पर बजरी पड़ी है तथा उसके निस्तारण हेतु क्या कार्रवाई की गई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों की सफाई कराते हुए बजरी हटाने की कार्रवाई कराई गई है। इसके अतिरिक्त महापौर ने शहर की प्रमुख समस्याओं, मुख्यमंत्री ग्रिड योजना एवं विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मार्गों के दुरुस्तीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा प्रत्येक दशा में आगामी त्योहारों से पूर्व शहर के प्रमुख मार्गों को दुरुस्त एवं आवागमन योग्य बनाए जाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उक्त कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता एवं पूर्ण गंभीरता के साथ संपादित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मैदानी निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करें। बैठक में 157 घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा* की गई तथा अभियान को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त शहर में *जलभराव एवं जल निकासी की स्थिति, विशेषकर मकड़ीखेड़ा एवं पांडु नदी से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मकड़ीखेड़ा क्षेत्र में स्थापित *वाटर शंकर पंप की क्रियाशीलता के संबंध में* जानकारी प्राप्त करते हुए जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पांडु नदी से प्रभावित एवं बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जनसुविधाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जनसुरक्षा, स्वच्छता, जल निकासी एवं सड़क दुरुस्तीकरण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी प्राथमिकता वाले कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाए। बैठक में मुख्य अभियंता, समस्त जोनल अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं समस्त जोनल स्वच्छता अधिकारी उपस्थित रहे।
|