1254 श्रमिकों की सेहत की जांच, 13 निर्माण श्रमिक परिवारों को ₹29.78 लाख की मदद
*श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास के महत्वपूर्ण आधार : जिलाधिकारी*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंधना स्थित मेसर्स स्पीपिक फूड्स एलएलपी (गोल्डी ग्रुप मसाला फैक्ट्री) में आयोजित श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 1254 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिजनों को कुल ₹29.78 लाख के हितलाभ भी प्रदान किए गए।
श्रम विभाग, कानपुर एवं ईएसआईसी के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कानपुर की पहचान प्रमुख औद्योगिक नगरी के रूप में है और यहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। श्रमिक और सेवायोजक दोनों औद्योगिक प्रगति के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने श्रम विभाग को श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस तरह के शिविर नियमित अंतराल पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य काउंटरों का निरीक्षण कर श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
*1254 श्रमिकों की हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर में कुल 1254 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान पैथोलॉजिकल जांच के साथ शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर एवं ईसीजी की जांच की गई। चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार औषधियां वितरित कीं और श्रमिकों को चिकित्सीय परामर्श दिया।
*13 श्रमिक परिवारों को ₹29.78 लाख के हितलाभ
बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिजनों को निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना के हितलाभ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इन योजनाओं के तहत कुल ₹29.78 लाख की सहायता प्रदान की गई।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अटल आवासीय विद्यालय एवं विहान आवासीय विद्यालयों में आयोजित कला, वाद-विवाद, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपर श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद ने श्रमिकों को श्रम कानूनों एवं कल्याणकारी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अपर श्रमायुक्त, कानपुर क्षेत्र शमीम अख्तर ने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन ने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, स्वास्थ्य एवं कल्याण सशक्त, सुरक्षित एवं प्रगतिशील औद्योगिक समाज की नींव है।
इससे पूर्व गोल्डी ग्रुप के निदेशक सुदीप गोयनका ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ईएसआईसी की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बबिता यादव, उप निदेशक कारखाना सचिन यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी पवन कुमार, मान सिंह, संतोष कुमार, घनश्याम निषाद, दीपक मौर्य, समीर शुक्ला सहित ईएसआईसी के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
गोल्डी ग्रुप की ओर से वाइस प्रेसिडेंट एचआर डॉ. नमन सक्सेना, प्रोडक्शन मैनेजर अनुरोध चित्रांशी, सीनियर मैनेजर ऑपरेशन मनु रस्तोगी, रोहित सिंह चौहान, नन्दन कुमार सिंह एवं विधिक एवं अनुपालन प्रबंधक सत्येन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।