बाल सुरक्षा का संदेश लेकर राठ पहुंचा पोक्सो जागरूकता अभियान
-छात्राओं को बताए गए कानूनी अधिकार, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान तथा सुरक्षा के उपाय
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में संचालित POCSO जागरूकता अभियान के पांचवें दिन आज 30 सितम्बर, 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राठ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, राठ शिवेंद्र मिश्रा, सिविल जज जूनियर डिवीजन, राठ पंकज कुशवाहा तथा तहसीलदार राठ दिलीप कुमार द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण पोक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के विधिक अधिकारों, बाल यौन शोषण से सुरक्षा, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में भयभीत होने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवेंद्र मिश्रा एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन पंकज कुशवाहा द्वारा छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा जागरूकता ही ऐसे अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से सफवान अहमद एवं लियाकत अली, पीएलवी नीरज विश्वकर्मा एवं पवन कुमार द्वारा भी बाल संरक्षण, विधिक सहायता एवं उपलब्ध सहायता तंत्र के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। एएचटीयू थानाध्यक्ष राकेश यादव ने छात्राओं को उनकी सुरक्षा, पुलिस की भूमिका तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा कनौजिया द्वारा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवेंद्र मिश्रा, सिविल जज जूनियर डिवीजन पंकज कुशवाहा एवं तहसीलदार राठ दिलीप कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पोक्सो एक्ट के प्रति जागरूक करना, उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना तथा बाल यौन अपराधों से सुरक्षा हेतु उपलब्ध विधिक एवं संस्थागत सहायता तंत्र से अवगत कराना रहा।