हेयर ड्रेसर' की दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी से निकला सांप मचा हड़कंप
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | रविवार सुबह जाजमऊ स्थित कैलाश नगर रोड पर एयरफोर्स के पास एक बड़ा हादसा टल गया। यहां 'शुभम हेयर ड्रेसर' की दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी के भीतर करीब दो फीट लंबा सांप निकलने के बाद हड़कंप मच गया।बताया जाता है कि उन्नाव स्थित जूता फैक्टरी के जनरल मैनेजर फारद खान सुबह बाल कटवाने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान लोगों को स्कूटी के अंदर सांप दिखाई दिया। सांप देखते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत स्कूटी को घेर लिया और सावधानीपूर्वक सांप को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि लोगों ने सांप को नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि उसे एक प्लास्टिक की बोतल में रखकर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते सांप दिखाई न देता और चालक स्कूटी लेकर निकल जाता, तो रास्ते में अचानक सांप के सामने आने से गंभीर हादसा हो सकता था। दोपहर करीब 2 बजे स्कूटी से सांप निकालने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक इसे लेकर चर्चा बनी रही। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से क्षेत्र की झाड़ियों और गंदगी की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि आबादी वाले इलाकों में जहरीले जीव-जंतुओं के आने का खतरा न रहे।
|