गंगा टास्क फोर्स ने विश्व पशु दिवस पर चलाया जागरूकता अभियान
जवानों ने जीव जन्तुओं की सुरक्षा के महत्व पर डाला प्रकाश।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। विश्व पशु दिवस के अवसर पर गंगा टास्क फोर्स द्वारा 57 यूपी एनसीसी बटालियन के कैडेट्स के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशु-पक्षियों के संरक्षण, उनके प्रति संवेदनशीलता तथा पर्यावरणीय संतुलन के महत्व के प्रति युवाओं को जागरूक करना रहा कार्यक्रम में गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि पशु-पक्षी प्रकृति और पर्यावरण का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके संरक्षण से जैव विविधता एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने कैडेट्स से पशु-पक्षियों के प्रति दया और करुणा का भाव रखने तथा समाज में भी इनके संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।इस दौरान गंगा टास्क फोर्स ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीव-जंतुओं की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पशु संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसकी तहत गंगा टास्क फोर्स के जवानों तथा एनसीसी कैडेट्स ने कई प्रकार के पौधों का रोपण किया । इसके साथ ही कैडेट्स को पौधों का वितरण कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।