आशाएं स्पैस्टिक सेंटर में गंगा संरक्षण को लेकर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
-गंगा केवल एक नदी ही नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और जीवन आधार है -कर्नल प्रफुल्लित |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। फूलबाग स्थित आशाएं स्पैस्टिक सेंटर में गंगा टास्क फोर्स की ओर से गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों एवं उपस्थित लोगों को गंगा की स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आशाएं स्पैस्टिक सेंटर की निदेशक सुचित्रा सिंह रहीं। उन्होंने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों को जल की एक-एक बूंद का महत्व समझाते हुए जल संरक्षण, नदियों में कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक न डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि बच्चों में पर्यावरण और गंगा संरक्षण के संस्कार विकसित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही बच्चे भविष्य में समाज को नई दिशा देंगे। गंगा टास्क फोर्स द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को गंगा संरक्षण अभियान से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों एवं लोगों ने गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया एवं पौधे वितरण किए गए।