नवरात्र के छठवें दिन मां कात्यायनी के जयकारों से गूंजे मंदिर, उमड़े श्रद्धालु
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता। शारदीय नवरात्र के छठवें दिन शुक्रवार को इत्रनगरी के प्रमुख देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।भक्तों ने मां को पुष्प, फल और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।पूजा-अर्चना के दौरान मंदिरों में घंटा-घड़ियाल और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।वहीं, दुर्गा पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में स्थित मॉं फूलमती देवी मंदिर,मकरन्द नगर स्थित सिद्धपीठ मां सिंह वाहिनी देवी मन्दिर,मां भद्रकाली मंदिर, क्षेमकली मन्दिर,तिर्वा स्थित माता अन्नपूर्णा देवी मन्दिर, नगर कोट स्थित मां राजेश्वरी पीताम्बरा मन्दिर, सरायमीरा स्थित मां काली दुर्गा देवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी।चौधरी सराय स्थित बाबा मनकामेश्वर मंदिर,भुजिया देवी मंदिर में भक्तों के द्वारा माँ भगवती की पूजा अर्चना आरती एवं श्रृंगार किया गया।