प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 को पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए डीएम ने दिए कड़े निर्देश
-नकल में संलिप्त पाए जाने पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को शुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार, हमीरपुर में जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी निगरानी तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों को भली-भांति समझ लें तथा उनका पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
PET-2026 परीक्षा का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 एवं 30 अक्टूबर 2026 तथा 01 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी। बायोमीट्रिक उपस्थिति एवं आइरिस स्कैन की प्रक्रिया के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अभ्यर्थियों को पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
जनपद में परीक्षा के सुचारु संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक पाली में 5,136 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार प्रतिदिन दोनों पालियों में कुल 10,272 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
गोपनीय परीक्षा सामग्री एवं सीसीटीवी निगरानी पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोषागार से गोपनीय परीक्षा सामग्री प्राप्त करने से लेकर उसे संबंधित परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। परीक्षा सामग्री से संबंधित सभी कार्य पूरी सतर्कता के साथ संपन्न कराए जाएं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सीसीटीवी निगरानी में ही परीक्षा सामग्री के ट्रंक खोले जाएं और परीक्षा संपन्न कराई जाए।
उन्होंने कक्ष निरीक्षकों का समुचित प्रशिक्षण कराने पर जोर देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के रोल नंबर का मिलान, ओएमआर शीट का वितरण तथा अन्य परीक्षा संबंधी प्रक्रियाएं सावधानीपूर्वक पूरी कराई जाएं, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
नकल एवं अनुचित साधनों के प्रयोग पर होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग, नकल कराने अथवा किसी भी प्रकार की मिलीभगत को गंभीरता से लिया जाएगा। यदि कोई केंद्र व्यवस्थापक, अधिकारी या कर्मचारी नकल कराने अथवा परीक्षा की शुचिता भंग करने में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध संबंधित कानूनों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, अभ्यर्थियों की नियमानुसार सघन जांच एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित समस्त सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक तथा परीक्षा प्रभारीगण आदि उपस्थित रहे।