मां की महाआरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब, जयकारों से गूंजा सन्मार्ग पंडाल; आज निकलेगी भव्य विसर्जन यात्रा
-अष्टमी की रात महाजागरण में झांकियों ने मोहा मन -कन्याभोज के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु; माता की विदाई आरती में भावुक हुए भक्त,आज निकलेगी मां दुर्गा की विशाल विसर्जन यात्रा
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।शंखनाद, घंटे-घड़ियाल की गूंज और मां के जयकारों से रविवार रात सन्मार्ग पंडाल भक्तिमय हो उठा।शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर मां दुर्गा की महाआरती में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने महाआरती कर मां से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।महाआरती के बाद आयोजित महाजागरण में भजन गायकों ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। श्रीगणेश, मां दुर्गा, हनुमान सेना और काली तांडव समेत विभिन्न आकर्षक झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। पंडाल में हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
*इनसेट-1*
कन्याभोज के बाद भंडारे में उमड़ी भीड़
कन्नौज। सोमवार को सन्मार्ग पंडाल में कन्याभोज कराया गया। कन्याओं को भोजन कराने के बाद भंडारे का शुभारंभ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम से देर रात तक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवा भाव के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
*इनसेट-2*
विदाई आरती में भावुक हुए श्रद्धालु
कन्नौज। सोमवार रात मां दुर्गा की विदाई आरती की गई। कई दिनों तक चले धार्मिक आयोजनों के समापन की घड़ी नजदीक आने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति के साथ विदाई का भाव भी नजर आया। भक्तों ने मां से अगले वर्ष फिर आगमन की प्रार्थना करते हुए जयकारे लगाए।
*इनसेट-3*
आज निकलेगी विशाल विसर्जन यात्रा
कन्नौज। मंगलवार को सन्मार्ग समिति की ओर से मां दुर्गा की विशाल विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।यात्रा सुबह 10 बजे मकरंदनगर तिराहे के निकट पकरियानाथ मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आलियापुर पहुंचेगी,जहां प्रतिमा का भू-विसर्जन किया जाएगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।भक्त मां को भावपूर्ण विदाई देकर अगले वर्ष फिर पधारने की कामना करेंगे।