हर घर शुद्ध पेयजल योजना पड़ी है अधूरी
-- सात माह से बंद है निर्माण कार्य.
वरिष्ठ संवाददाता हरी ओम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सीतापुर, विकासखंड खैराबाद की ग्राम पंचायत दारानगर में हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से स्वच्छ पेयजल योजना के अंतर्गत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों को योजना का लाभ मिलने का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दारानगर में पानी की टंकी का निर्माण कर पाइपलाइन के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही उन्हें घर पर ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा पिछले लगभग सात माह से निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। इससे योजना के समय पर पूरी होने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस संबंध में अवर अभियंता का कहना है कि उक्त निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूरा किया जाना है। ऐसे में ग्रामीणों को योजना का लाभ मिलने के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। ऐसे में निर्माण कार्य लंबे समय से बंद रहने के कारण योजना की प्रगति और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट किया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराएगा ताकि उन्हें हर घर शुद्ध पेयजल योजना का लाभ मिल सके।