पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l रिजर्व पुलिस लाइन हमीरपुर में "पुलिस स्मृति दिवस" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिस कर्मियों के नामों का वाचन किया गया तथा उनके अमर बलिदान को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश व समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का समापन मौन धारण के साथ हुआ।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जनपद हमीरपुर, क्षेत्राधिकारीगण व अन्य सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।