नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना की प्रगति का निरीक्षण कर दिए निर्देश
- दीपावली से पूर्व सीएम ग्रिड रोड निर्मित करने की प्रतिबद्ध : अर्पित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-2 के यशोदा नगर सीएम ग्रिड, बर्रा-2 कर्रही सीएम ग्रिड व जोन-2 स्थित सीएम ग्रिड परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दिवाकर भाष्कर जोनल अभियंता, सुशील कुमार गुप्ता जोनल स्वच्छता अधिकारी, कार्यदायी संस्था व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। सर्वप्रथम एन.एच.-19 से राजा राम चौराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एन.एच.-19 के समीप सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर पाया गया। जोनल अभियंता ने बताया कि दिनांक 23 तारीख से सड़क पर डाबरीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इस पर नगर आयुक्त डाबरीकरण के कार्य को तीव्र गति से कराते हुए दीपावली से पूर्व पूर्ण, सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण के दौरान जनता को कम से कम असुविधा के निर्देश दिए। कर्रही रोड का निरीक्षण किया गया। उक्त सड़क बर्रा बाईपास से प्रारम्भ होकर रामबाग-कर्रही मुख्य मार्ग होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक जोड़ती है। इससे नौबस्ता की तरफ जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रोड चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर तथा यूटीलिटी का कार्य लगभग पूर्ण पाया गया। नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया कि डाबरीकरण का कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराकर त्योहारों से पूर्व पूर्ण किया जाए। कर्रही मुख्य मार्ग से खाडे़पुर होते हुए नौबस्ता बम्बा से हमीरपुर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सीएम ग्रिड फेज-2 सड़क का निरीक्षण किया गया। खाड़ेपुर रोड पर अमृत 2.0 कार्यक्रम में स्वीकृत योजना सीवरेज डिस्ट्रिक्ट-2 पार्ट-डी के अन्तर्गत बिछाई गयी सीवर लाइन डाली जा रही है, जिसमें उप्र जल निगम (नगरीय) के सहायक अभियन्ता ने बताया कि हमीरपुर मुख्य मार्ग से स्नेही चौराहा तक 1800 एमएम व्यास की 1350 मी ट्रंक सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है, जिसके सापेक्ष वर्तमान तक 660 मी सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण है, शेष 690 मी ट्रंक सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है, जिसे माह नवम्बर तक पूर्ण करा दिया जायेगा। इस पर रोष व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लायी जाये, जब आपके पास मैनपॉवर व मशीनरी है, तो रात्रि में भी कार्य कराया जाये, इस हेतु नगर निगम ने लाइट की व्यवस्था कर दी जायेगी, कार्य प्रत्येक दशा में दीपावली से पूर्व समाप्त हो जाये, साथ ही रोड रेस्टोरेशन का कार्य भी साथ-साथ किया जाये, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को इस लाभ दीपावली से मिल जाये।