चिकित्सकों ने फिल्म सूर्या के कथित आपत्तिजनक चित्रण के विरोध में किया प्रदर्शन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, कानपुर शाखा की आपातकालीन आम सभा "आईएमए भवन", 'टेंपल ऑफ सर्विस', परेड, कानपुर में आयोजित की गई। बैठक में फिल्म 'सूर्याः अंत से आरंभ तक' के कुछ दृश्यों में चिकित्सक समुदाय के कथित आपत्तिजनक भाषा एवं चित्रण को लेकर गहरी आपत्ति व्यक्त की गई तथा इसके समाज पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की गई। आईएमए कानपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि चिकित्सक समाज मानव जीवन की रक्षा और जनस्वास्थ्य की सेवा के लिए निरंतर समर्पित रहता है। ऐसे में फिल्म या किसी अन्य माध्यम से पूरे चिकित्सक समुदाय को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना चिकित्सकों की सामाजिक प्रतिष्ठा तथा चिकित्सक मरीज के बीच विश्वास को प्रभावित कर सकता है। सदस्यों ने कहा कि रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और तथ्यों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना भी आवश्यक है।आईएमए कानपुर हर स्तर पर इसकी निंदा करता है और मांग करता है:फिल्म 'सूर्या' से डॉक्टरों के खिलाफ अपमानजनक दृश्यों/संवादों को तुरंत हटाया जाए।फिल्म के निर्माता चिकित्सा समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उक्त YouTube वीडियो (लिंक https://youtu.be/UTgecrJoTZc?si=QtnAL_D0pokO8oQt) को तुरंत हटाया जाए। आईएमए कानपुर उत्तर प्रदेश सरकार से अपील करता है कि चिकित्सक समुदाय के कथित आपत्तिजनक चित्रण को देखते हुए फिल्म 'सूर्याः अंत से आरंभ तक की उत्तर प्रदेश में रिलीज पर रोक लगाई जाए। आम सभा के उपरांत आईएमए कानपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने फिल्म के कथित आपत्तिजनक चित्रण के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान फिल्म के पोस्टर जलाकर तथा विरोध संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया। सदस्यों ने संबंधित दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए फिल्म निर्माताओं से चिकित्सक समुदाय की गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखने की मांग की। आईएमए कानपुर ने मीडिया एवं आम जनता से अपील की कि चिकित्सा पेशे से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक दृष्टिकोण अपनाएं तथा चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास एवं सम्मान के संबंध को बनाए रखने में सहयोग करें। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि चिकित्सक समुदाय के सम्मान, प्रतिष्ठा और सुरक्षित कार्य वातावरण से जुड़े विषयों पर उचित मंचों पर अपनी आवाज उठाना जारी रखेगा।
|