श्रद्धा, भक्ति एवं सत्कार के साथ मनाया गुरु पर्व
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | धन-धन श्री गुरु रामदास जी के पावन प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर आज गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, साकेत नगर, गौशाला कानपुर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं सत्कार के साथ गुरुपर्व मनाया गया।प्रातःकाल स्त्री सत्संग एवं साध संगत द्वारा श्री सुखमनी साहिब जी का सामूहिक पाठ किया गया। तत्पश्चात हजूरी रागी भाई रकम सिंह जी ने आसा दी वार का गायन किया तथा श्री गुरु रामदास जी की महिमा में गुरबाणी का मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया। उन्होंने संगत को श्री गुरु रामदास जी के जीवन, उपदेशों एवं इतिहास से जुड़ी प्रेरणादायक साखियों से भी अवगत कराया। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान अवतार सिंह भाटिया ने समस्त संगत को श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। गुरुद्वारा कमेटी के जनरल सेक्रेटरी सरदार मनजीत सिंह चड्डा ने पधारी हुई समस्त साध संगत का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष सुरिंदर सिंह कालरा,सिख समाज कानपुर उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष गुरविंदर सिंह वासू प्रिंस, सुरजीत सिंह चड्ढा, मनजीत सिंह ठुकराल, बलविंदर सिंह वासन, कुलजीत सिंह बिंद्रा, रजिंद्र सिंह चड्डा, रजिंद्र सिंह सेठी,बाबी ओबेरॉय,गुलशन अरोड़ा,अमित अरोरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर ज्ञानी रणवीर सिंह ने समस्त मानवता के कल्याण (सरबत दा भला) की अरदास की। दीवान की समाप्ति उपरांत गुरु का अटूट लंगर संगत में श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया, जिसकी सेवा खालसा सेवा समिति द्वारा समर्पित भाव से निभाई गई।
|