कलेक्ट्रेट परिसर में अनुशासनहीनता पर डीएम सख्त, तीन कर्मियों व एक गार्ड की संविदा समाप्त
-वन स्टॉप सेंटर के सामने खाना बनाने का वीडियो मीडिया में प्रसारित होने पर लिया गया कड़ा संज्ञान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l कलेक्ट्रेट परिसर में वन स्टॉप सेंटर के सामने कुछ कर्मचारियों द्वारा खाना बनाए जाने से संबंधित मीडिया में प्रसारित वीडियो एवं प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में तैनात तीन कर्मियों एवं एक गार्ड की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह को दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कलेक्ट्रेट एवं अन्य सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, मर्यादा और कार्यस्थल की गरिमा बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। सरकारी परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता तथा ऐसा आचरण, जिससे कार्यालय की गरिमा एवं कार्यस्थल के सम्मानजनक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कलेक्ट्रेट सहित जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने आचरण एवं व्यवहार में पूर्ण मर्यादा बनाए रखें और शासकीय दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ करें। भविष्य में इस प्रकार की कोई भी घटना अथवा अनुशासनहीनता संज्ञान में आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता एवं गैर-जिम्मेदाराना आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है। सभी कार्मिक निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।