बच्चों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल,
-सड़क पर मिला मोबाइल चौकी पहुंचकर लौटाया पुलिस ने थपथपाई पीठ |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | आज के दौर में जहां लोग छोटी-छोटी बातों में अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं, वहीं कानपुर के काकादेव में बच्चों ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। मदर टेरेसा स्कूल के तन्मय गौड़, कानपुर पब्लिक स्कूल के वंश गौतम और रावतपुर के अन्य बच्चों को रास्ते में एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। मोबाइल अपने पास रखने के बजाय बच्चे उसे लेकर काकादेव थाना क्षेत्र चौकी पांडु नगर पहुंचे और चौकी प्रभारी रवि कुमार को सौंपते हुए कहा कि यह फोन जिसके भी हो, उसे वापस कर दिया जाए बच्चों की इस सही सोच और ईमानदार पहल से प्रभावित चौकी प्रभारी ने उनकी पीठ थपथपाई, शाबाशी दी और उनके लिए खाने-पीने का सामान भी मंगवाया। चौकी में तैनात उप निरीक्षक नारायण पांडेय ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल उसके वास्तविक मालिक शिवा सैनी (15 वर्ष), निवासी सर्वोदय नगर, थाना काकादेव क्षेत्र को वापस दिलाया। बच्चों की इस पहल ने साबित किया कि ईमानदारी की सीख केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कारों में जीवित है वहीं, चौकी प्रभारी का संवेदनशील व्यवहार पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने वाला कदम बना इन बच्चों की ईमानदारी समाज के लिए एक संदेश है कि सड़क पर मिली वस्तु किसी दूसरे की अमानत होती है और उसे सही मालिक तक पहुंचाना ही सच्ची इंसानियत है।