राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित
-डीएम अशोक कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय पुरुष एवं महिला में मरीजों को फल वितरित कर स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के क्रम में जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय पुरुष एवं महिला पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इसके उपरांत उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में समय से बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों का समुचित उपचार अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सुनिश्चित करें तथा अनावश्यक रूप से मरीजों को अन्यत्र रेफर न किया जाए। केवल अत्यंत गंभीर अथवा अपरिहार्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में ही रेफर करने की कार्रवाई की जाए।
दवाओं की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल के दवा स्टोर अथवा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए विवश न किया जाए।
महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत पिछले वित्तीय वर्ष तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह से अब तक लाभार्थियों के लंबित भुगतानों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि एमओआईसीवार लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कराकर एक सप्ताह के भीतर सभी भुगतानों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समयावधि में कार्यवाही पूरी न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह द्वारा वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम पहुंचकर आवासित लोगों को फल वितरित किए गए तथा उनका कुशलक्षेम जाना गया। वहीं, विभिन्न विद्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त सायंकाल राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में उनके जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म शो का आयोजन किया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता दी गई।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ आर एस प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला श्री राजीव शाक्य सहित अन्य स्टाफ आदि मौजूद रहे।