उर्वरक दुकानों पर छापेमारी, अनियमितता मिलने पर दिनेश खाद भण्डार का लाइसेंस निलंबित, दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी एवं ओवररेटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज जिला कृषि अधिकारी द्वारा नायब तहसीलदार रमेश चन्द्र नामदेव के साथ जनपद की विभिन्न उर्वरक बिक्री दुकानों का औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की गई।
इस दौरान शिवहरे खाद भण्डार छानी खुर्द, ओमर एजेंसी, सपना खाद भण्डार, दिनेश खाद भण्डार छानी खुर्द, न्यू बुन्देलखण्ड खाद भण्डार बिवार, न्यू किसान एग्री जंक्शन बिवार तथा एग्री जंक्शन बिवार का निरीक्षण कर उर्वरकों के स्टॉक, बिक्री एवं संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दिनेश खाद भण्डार छानी खुर्द में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं सपना खाद भण्डार एवं शिवहरे खाद भण्डार में स्टॉक तथा अभिलेखों का रख-रखाव नियमानुसार नहीं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त निजी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर बैनर, प्रोपराइटर बोर्ड एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। रेट बोर्ड दुकान के ऐसे स्पष्ट एवं प्रमुख स्थान पर लगाया जाए, जहां प्रवेश करते ही किसानों को विभिन्न उर्वरकों की निर्धारित बिक्री दरों तथा उपलब्ध स्टॉक की मात्रा की जानकारी आसानी से मिल सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक किसान को उर्वरक की बिक्री पर नियमानुसार कैश मेमो/बिल उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। उर्वरक विक्रेता निर्धारित मूल्य पर ही बिक्री सुनिश्चित करें तथा स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित अभिलेखों का रख-रखाव नियमानुसार करें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री करने, कैश मेमो उपलब्ध न कराने, स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित न करने अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।