सरदार पटेल की जयंती पर सपा कार्यालय में कार्यक्रम, जनसमस्याओं को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
-कालपी चौराहा मारपीट, कांशीराम कॉलोनी विवाद और एनएच-34 चौड़ीकरण के मुकदमों की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की उठाई मांग
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर - समाजवादी पार्टी कार्यालय हमीरपुर में शनिवार को जिलाध्यक्ष इदरीश खान की अध्यक्षता में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्भय सिंह पटेल मौजूद रहे। उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत किया। उनका जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के बाद मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मिस्बाहुल हसन उर्फ लाला प्रधान के नेतृत्व में सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी से मुलाकात कर जनसमस्याओं पर वार्ता की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 7 अक्टूबर को कालपी चौराहा हमीरपुर में एक मुस्लिम युवक के साथ हुई मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वहीं कांशीराम कॉलोनी में बच्चों के बीच हुई मारपीट के मामले में ऐसे युवकों और उनके पिता के नाम शामिल किए जाने का मुद्दा उठाया गया, जिनके घटना के समय मौके पर मौजूद न होने का दावा किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग की।
इसके अलावा एनएच-34 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन देने जा रहे लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी के साथ हुई वार्ता में अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख शुभकरन सिंह परिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह यादव, मनप्यारे निषाद, हरनारायण निषाद, राम प्रकाश प्रजापति, अवधेश बहादुर सिंह, ओम प्रकाश सोनकर वारसी, कुलदीप शुक्ला, माया वाल्मीकि, अजय उर्फ कल्लू यादव, अरुण यादव, युगांक मिश्रा, मोहम्मद नईम खान, राघवेंद्र यादव लकी, रिजवान खान, सैयद उमर, सुनील दीक्षित, परशुराम प्रजापति, मोहम्मद सलीम, जगमोहन यादव, अचल प्रताप सिंह, धीरेंद्र सिंह, निजाम खान, शिवम सिंह, मईयाराम श्रीवास, राकेश कुमार प्रजापति, रणबहादुर सिंह यादव, शिव नारायण आचार्य, धर्मेंद्र यादव, सुभान कुरैशी, राजू कुमार कठेरिया, विनोद कुमार, मोहम्मद जुनैद, नीलेश श्रीवास, देवेंद्र प्रजापति, महावीर प्रजापति, मुसाहिब बैग, रामखिलावन प्रजापति, अनिल प्रजापति एवं अजय प्रताप सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।