डीएम व एसपी ने पीईटी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने हेतु निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।