चौरा देवी प्रांगण में सजा जनसेवा एवं न्याय का महाकुंभ
-दिव्यांगजनों को वितरित की गईं ट्राईसाइकिल, दो किसानों को सौंपी गई ट्रैक्टर की चाबी, मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की तथा पात्र लाभार्थियों को प्रदान किए गए आयुष्मान कार्ड
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर द्वारा चौरा देवी प्रांगण में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राम प्यारे द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एक बच्ची द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर राम प्यारे ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं उनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। शिविर में पुलिस विभाग, कारागार विभाग, सूचना विभाग, पशुपालन विभाग, खेल विभाग, कृषि विभाग, नेडा, डूडा, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। इन स्टालों के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके। वहीं, दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां प्रदान की गईं। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की वितरित की गईं। चिकित्सा विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा पेंशन, आर्थिक सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके उपरांत जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राम प्यारे ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्याय एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर प्रशासनिक न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज प्रमोद कुमार श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, हमीरपुर द्वारा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की तथा संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने पर खेद व्यक्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्यायिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। विभिन्न विभागों द्वारा एक ही परिसर में स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराए जाने से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को विशेष सुविधा मिली।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर राम प्यारे, जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।