गोवर्धन पूजा पर 17वां सवैतनिक अवकाश घोषित करने की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा पत्र
-अधिवक्ता अमित त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री से किया हस्तक्षेप का आग्रह।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | रक्षा मंत्रालय के अधीन आयुध उपस्कर निर्माणी (ओईएफ), फूलबाग, कानपुर के कर्मचारियों को आगामी 5 दिवसीय दीपोत्सव पर्व के अंतर्गत 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा (अन्नकूट/परेवा) के अवसर पर 17वां सवैतनिक अवकाश प्रदान किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में अधिवक्ता अमित त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने तथा रक्षा मंत्रालय एवं कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को आवश्यक नीतिगत निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।प्रधानमंत्री को 29 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र में अधिवक्ता अमित त्रिपाठी ने कहा है कि ओईएफ कानपुर में प्रतिवर्ष 3 राष्ट्रीय छुट्टियों को छोड़कर 13 सवैतनिक त्योहारों की छुट्टियां निर्धारित की जाती हैं। इन छुट्टियों का निर्धारण स्थानीय कार्यसमिति की संस्तुति के आधार पर होता है। पूर्व वर्षों में कार्यसमिति द्वारा गोवर्धन पूजा के अवसर पर अवकाश की संस्तुति की जाती रही है, लेकिन इस वर्ष 10 नवंबर 2026 को पड़ने वाले गोवर्धन पूजा पर्व को घोषित सवैतनिक अवकाश सूची में शामिल नहीं किया गया है।पत्र में कहा गया है कि गोवर्धन पूजा उत्तर प्रदेश, विशेषकर कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। दीपावली के अगले दिन मनाए जाने वाले इस पर्व का सनातन धर्मावलंबियों के लिए विशेष महत्व है। इस वर्ष उदया तिथि के अनुसार 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में हजारों औद्योगिक कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण पर्व पर कार्यस्थल पर उपस्थित होना पड़ेगा, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।अधिवक्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि केंद्र सरकार के विभिन्न गैर-औद्योगिक कार्यालयों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के विभागों में इस अवसर पर सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाता है। इसके बावजूद रक्षा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों को इस पर्व पर अवकाश से वंचित रखा जाना एक असमानता का विषय है।पत्र में DoPT तथा रक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत रक्षा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अधिकतम 16 सवैतनिक अवकाश (तीन राष्ट्रीय एवं 13 त्योहार संबंधी अवकाश) की सीमा का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही कहा गया है कि स्थानीय कार्यसमिति की संस्तुति के आधार पर त्योहारों की छुट्टियों का निर्धारण किया जाता है। अधिवक्ता ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि विशेष परिस्थितियों में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक छूट प्रदान कर कर्मचारियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।अधिवक्ता अमित त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि ओईएफ कानपुर के कर्मचारियों के लिए 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर 17वां अनिवार्य सवैतनिक अवकाश स्वीकृत किया जाए अथवा फैक्ट्री प्रशासन को इस दिन अवकाश घोषित करने के लिए विशेष प्रशासनिक छूट प्रदान की जाए। पत्र की प्रतिलिपि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।